पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज राष्ट्रीय जनता दल की एक बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और आम लोगों को जाम से बचाने के लिए पटना ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर विशेष डायवर्जन लागू किया है। यातायात पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था सुबह 9:00 बजे से लागू हुई, जो कार्यक्रम के समापन तक जारी रहेगी।
यदि आप आज पटना में यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो इन प्रमुख रूट डायवर्जन और पाबंदियों को ध्यान में रखना ज़रूरी है।
पटना स्टेशन से डाकबंगला चौराहा : पटना जंक्शन की ओर से डाकबंगला चौराहा जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस मार्ग के वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ दिया गया है।
गांधी मैदान क्षेत्र में व्यावसायिक वाहनों पर रोक : गांधी मैदान के चारों तरफ ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इनकम टैक्स से मंदिरी नाला : इनकम टैक्स चौराहा से मंदिरी नाला की ओर जाने वाले मार्ग पर भी डायवर्जन लागू किया गया है।
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों किस रास्ते से जाएं?
शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के लिए नए मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
दानापुर से राजापुर पुल मार्ग: दानापुर की ओर से राजापुर पुल होकर आने वाले ऑटो व ई-रिक्शा पुलिस लाइन तिराहा से ही वापस दानापुर की ओर मोड़ दिए जाएंगे।
अशोक राजपथ (गायघाट मार्ग): गायघाट की ओर से गांधी मैदान आने वाले ऑटो व ई-रिक्शा कारगिल चौक से पश्चिम और डबल-डेकर के पश्चिमी छोर से वापस गायघाट लौटेंगे।
एग्जीबिशन रोड: भट्टाचार्या चौराहा से उत्तर (गांधी मैदान की ओर) ऑटो या ई-रिक्शा ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
एस. पी. वर्मा रोड: इस मार्ग पर ऑटो व ई-रिक्शा केवल स्वामीनंदन तिराहा तक आ सकेंगे और वहाँ से बाटा मोड़ होते हुए वापस लौटेंगे।
मछुआ टोली से बारी पथ: मछुआ टोली की ओर से आने वाले ऑटो व ई-रिक्शा सिर्फ ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ही जा सकेंगे। इन्हें गांधी मैदान या बाकरगंज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
इन रास्तों पर ऑटो/ई-रिक्शा पूर्णतः प्रतिबंधित
बुद्धमार्ग और छज्जूबाग से टी. एन. बनर्जी पथ पर ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा। पुलिस लाइन से बैंक रोड की ओर जाने वाले ऑटो व ई-रिक्शा पर रोक रहेगी। बुद्ध मार्ग पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली टी-पॉइंट तक ऑटो व ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
नागरिकों से पुलिस की अपील
पटना ट्रैफिक पुलिस ने रैली के मद्देनज़र आम लोगों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों को असुविधा और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और सड़कों पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

Leave feedback about this