बिहार के सारण ज़िले में एक बेकाबू हाइवा ने एक ऑटो और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना छपरा-मुज़फ़्फ़रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 722 के भेल्दी थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा के पास हुई।

इलाज कराकर लौट रहा था परिवार
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि अमनौर के सुल्तानगंज निवासी फ़ारूक़ मियाँ अपने परिवार के सदस्यों के साथ इलाज कराने गड़खा गए थे। लौटते समय मकेर की ओर से आ रहे तेज़ रफ्तार हाइवा ने टोटो में सामने से ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और सड़क किनारे से गुज़र रहा एक साइकिल सवार भी इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 11,000 वोल्ट के बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इनकी मौत हो गई
मृतकों की पहचान सुल्तानगंज, अमनौर निवासी फ़ारूक़ मियाँ, फ़ारूक़ मियाँ की बहू शहीदा खातून, फ़ारूक़ मियाँ की पोती शाना परवीन और साइकिल सवार सोनहो निवासी सुरेश पंडित के रूप में की गई है। वहीं इरशाद, दिलशाद अंसारी और जुनैद अंसारी गंभीर रूप से घायल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मकेर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटनास्थल पर आक्रोश और चक्का जाम
घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी और मकेर थाने की पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों और ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन परिजनों को समझाने तथा यातायात बहाल कराने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave feedback about this