नमामि गंगे घाट पर आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रावणी मेला पुस्तक का विमोचन किया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रावणी मेला मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया।

श्रावणी मेला 2026: अब एक क्लिक पर होंगे बाबा बैद्यनाथ के लाइव दर्शन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया स्पेशल ऐप
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में आने वाले देश-विदेश के लाखों शिवभक्तों के लिए यह यात्रा अब पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सुगम और हाई-टेक होने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर विशिष्ट अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का भव्य उद्घाटन किया। इस भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान उन्होंने विशेष श्रावणी मेला 2026 ऐप का आधिकारिक लोकार्पण किया। इस डिजिटल पहल के माध्यम से बिहार प्रशासन ने कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को आधुनिक रूप देकर स्मार्ट शिवभक्ति की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेला पुस्तक का भी विमोचन किया।

श्रावणी मेला 2026 ऐप की प्रमुख विशेषताएं
इस ऐप को इस तरह तैयार किया गया है कि श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र और यात्रा मार्ग में किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। ऐप के जरिए कई प्रमुख सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
- घर बैठे लाइव दर्शन : जो भक्त मंदिर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे इस ऐप के जरिए बाबा बैद्यनाथ धाम के लाइव दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।
- रूट व पड़ाव ट्रैकिंग : श्रद्धालु पूरे कांवर यात्रा मार्ग की सटीक जानकारी और रास्ते के प्रमुख पड़ावों की अद्यतन स्थिति जान सकेंगे।
- आपातकालीन व स्वास्थ्य सेवाएं : यात्रा के दौरान किसी भी चिकित्सीय आपातस्थिति में निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों की लोकेशन और त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकेगी।
- 24×7 कंट्रोल रूम संपर्क : आपात स्थिति में सहायता के लिए ऐप के माध्यम से सीधे कंट्रोल रूम और आपातकालीन सेवाओं से संपर्क साधा जा सकेगा।

श्रद्धालुओं के लिए यात्रा होगी और अधिक सुगम
प्रशासन का कहना है कि ‘श्रावणी मेला 2026 ऐप’ से कांवरियों की यात्रा न केवल सरल होगी, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह अत्यंत मददगार साबित होगी। पूरे बिहार में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, अनुशासित और विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विकास योजनाओं और रोज़गार पर बड़ी घोषणाएँजनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। उन्होंने अगुआनी-सुलतानगंज गंगा पुल के साथ-साथ सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण और मॉडल स्कूल के संबंध में भी विस्तार से चर्चाएं की।
- अगुआनी-सुलतानगंज गंगा पुल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आश्वासन देते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2027 तक अगुआनी-सुलतानगंज गंगा पुल का निर्माण कार्य पूरा कर इसे यातायात के लिए चालू कर दिया जाएगा।
- कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सुलतानगंज से देवघर तक फोर-लेन सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में भी तेज़ी से काम चल रहा है।
- शिक्षा व रोज़गार: राज्य भर में 501 मॉडल स्कूल खोले गए हैं, जहाँ छात्र-छात्राओं को NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य बिहार के युवाओं को बड़े पैमाने पर नौकरियों और रोज़गार के अवसरों से जोड़ना है।

स्थानीय विधायक ने सौंपा माँग पत्र
समारोह के दौरान स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने मुख्यमंत्री को एक माँग पत्र सौंपा। उन मांगों में श्रावणी मेले को राष्ट्रीय मेला का दर्जा दिया जाना, सुलतानगंज को अनुमंडल घोषित करना, अंगिका भाषा को विषय कोड का दर्जा मिले और शाहकुंड प्रखंड में चांदन नदी पर पुल का निर्माण शामिल था। मंच पर मौजूद मंत्रियों और सांसदों ने भी विधायक द्वारा उठाई गई इन माँगों का पूर्ण समर्थन किया।
गरिमामयी उपस्थिति में अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने सभी आगत अतिथियों को पौधे और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, बांका सांसद गिरधारी यादव, भागलपुर सांसद अजय मंडल, विधायक शोभानंद मुकेश, मिथुन यादव, एमएलसी विजय कुमार सिंह, एमएलसी एन. के. यादव, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार सहित एनडीए के वरिष्ठ कार्यकर्ता और जिले के सभी प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Leave feedback about this