August 28, 2026
Patna , Bihar
Bihar Education

Bihar News : सात महीनों में BPSC को नहीं मिल पाया पर्याप्त आवेदन, अब 18 पदों के लिए दोबारा Apply शुरू

BPSC announced dates re-applying for many posts Patna Bihar News Bihar State Hunt News
बीपीएससी

बिहार लोक सेवा आयोग ने विभिन्न विभागों की भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। गृह विभाग में योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण आवेदन प्रक्रिया फिर से शुरू करने से लेकर दस्तावेज़ सत्यापन स्थगित करने तक, आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए कई अहम अपडेट साझा किए हैं।

गृह विभाग के 18 पदों के लिए 2 अगस्त से दोबारा आवेदन

गृह विभाग के अंतर्गत अपर निदेशक-सह-सहायक राज्य अग्निशमन पदाधिकारी के 4 पद और उप निदेशक के 14 पद यानी कुल 18 पदों के लिए पिछले सात महीनों में पर्याप्त आवेदन प्राप्त नहीं हो सके थे। इस कारण आयोग ने आवेदन प्रक्रिया फिर से खोलने का निर्णय लिया है। आवेदन 2 अगस्त से 15 अगस्त तक लिए जाएंगे। आवेदन का माध्यम पूर्णतः ऑनलाइन होगा। ऑनलाइन बीपीएससी के आधिकारिक वेबसाइट पर किए जाएंगे। आयोग का मानना है कि इस बार पर्याप्त संख्या में योग्य अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त होंगे।

कारखाना निरीक्षक: 28 जुलाई से शुरू होने वाला दस्तावेज़ सत्यापन स्थगित

BPSC ने कारखाना निरीक्षक परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सूचना जारी की है। 28 जुलाई से 10 अगस्त के बीच प्रस्तावित दस्तावेज़ सत्यापन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों को इस अवधि में बुलाया गया था, उनके सत्यापन की नई तिथियों का ऐलान जल्द किया जाएगा।

सहायक वन संरक्षक भर्ती: 30 जुलाई से चुनें ऐच्छिक विषय

बिहार वन सेवा के अंतर्गत सहायक वन संरक्षक (मूल कोटि) के जिन अभ्यर्थियों ने अब तक अपने ऐच्छिक विषयों का चयन नहीं किया है, उन्हें अंतिम अवसर दिया गया है। इसके लिए अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से दो ऐच्छिक विषयों का चयन करना होगा। इस संबंध में बीपीएससी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद विषय चयन का कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा। विषय चयन की तिथि 30 जुलाई से 18 अगस्त तक निर्धारित की गई है।

सहायक पर्यावरण वैज्ञानिक परीक्षा की आंसर-की जारी

11 जून को आयोजित सहायक पर्यावरण वैज्ञानिक लिखित (वस्तुनिष्ठ) प्रतियोगी परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी कर दी गई है। इसमें सामान्य अध्ययन, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवन विज्ञान तथा पर्यावरण विज्ञान जैसे विषय शामिल हैं। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से उत्तरों का मिलान कर अपने संभावित प्राप्तांकों का आकलन कर सकते हैं।

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field