ये इश्क नहीं आसां, बस इतना समझ लीजिए। एक आग का दरिया है और डूब कर जाना है। यह कहावत लैला-मजनूँ, सोहनी-महिवाल और हीर-रांझा के समय का है, लेकिन आग के उस दरिया का प्रचलन अब समाप्त हो गया है। अब तो प्रचलन फिल्म शोले का आ गया है, जिसमें प्रेमी-प्रेमिका आग के दरिया में डूबते नहीं, बल्कि मोबाइल टावर पर चढ़ जाते हैं।
खुद को बताया छात्रा का प्रेमी
फिलहाल यह कहानी वैशाली जिले के बिदुपुर की है, जहां प्यार में मदमस्त एक शिक्षक ने जान देने की नीयत से मोबाइल टावर पर चढ़कर नीचे कूदने की धमकी देने लगा। यह मोबाइल टावर खिलवत स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे स्थित है। शिक्षक की नौटंकी को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना की सूचना बिदुपुर थाना को भी मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और शिक्षक को नीचे उतारने की कोशिश में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर प्रेम में डूबे शिक्षक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
छात्रा से करता था प्रेम
पुलिस ने प्रेमी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान शिक्षक ने खुद की पहचान अररिया जिला निवासी धर्मानंद ठाकुर के पुत्र मिथिलेश कुमार ठाकुर (24) के रूप में की। फिर उसने मोबाइल टॉवर पर चढ़ने की वजह भी बताई। मिथिलेश ने बताया कि वह पिछले कुछ वर्षों से बिदुपुर के ही एक शिक्षण संस्थान में पढ़ा रहा है। इसी दौरान उसका एक छात्रा से प्रेम करने लगा।
शादी करने की करने लगा जिद
शिक्षक ने बताया कि जब छात्रा के परिजनों को उनके रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने लड़की के कोचिंग जाने और घर से बाहर निकलने पर सख्त पाबंदी लगा दी। कई दिनों से छात्रा से कोई संपर्क न हो पाने के कारण मिथिलेश काफी परेशान रहने लगा। इसी तनाव में आकर वह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और छात्रा से शादी करने की जिद करने लगा।
पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाले युवक को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लड़की पक्ष का बयान अभी तक नहीं आया है। लेकिन एक बात स्पष्ट है कि एक शिक्षक के द्वारा छात्रा के बारे में सोचना भी गुनाह होता है। एक शिक्षक जो समाज में गरिमामयी होते हैं उन्हें इस तरह की हरकतों से परहेज करना चाहिए।

Leave feedback about this