बिहार सरकार ने राज्य के 12 अति-महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा का जिम्मा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस को सौंप दिया है। गृह विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस संदर्भ में सरकार का मानना है कि ऐसा करने से इन ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों पर आने वाले देशी-विदेशी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक पुख्ता हो सकेगी।
कौन-कौन होंगे सुरक्षा व्यवस्था में
बिहार सरकार के द्वारा जारी किए गए अधिसूचना के अनुसार, इन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। यहाँ तैनात हवलदार व उससे वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम-2021 की धारा 7, 8 और 9 के तहत विशेष शक्तियाँ और अधिकार प्राप्त होंगे, जिनका उपयोग वे अपनी ड्यूटी के दौरान कर सकेंगे।

इन 12 प्रमुख स्थलों पर बढ़ेगी सुरक्षा
जिन 12 प्रमुख स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है उनमें मुख्य रूप से राजधानी पटना के जंक्शन स्थित महावीर मंदिर और तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, सीतामढ़ी का पुनौरा धाम मंदिर और बगही धाम, गया का विष्णुपद मंदिर, सारण जिले के सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर, वैशाली जिले का बुद्ध अवशेष स्तूप, राजगीर का विश्व शांति स्तूप, प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय का खंडहर, भागलपुर जिले में स्थित विक्रमशिला विश्वविद्यालय के अवशेष और रोहतास जिले के मुख्यालय सासाराम स्थित शेरशाह सूरी का मकबरा शामिल है।

Leave feedback about this