बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री मल्लिका शेरावत के साथ अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसके बाद से ही इंटरनेट पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ डेढ़ मिनट का वीडियो
तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से करीब डेढ़ मिनट का एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में वह मल्लिका शेरावत के साथ सोफे पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं और उन्हें अपने मोबाइल फोन में कुछ दिखाते हुए बातचीत कर रहे हैं। बैकग्राउंड में एक गाना भी बज रहा है। हालांकि, यह वीडियो कहाँ और कब शूट किया गया है, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन, तेज प्रताप यादव ने वीडियो के कैप्शन में बस इतना लिखा, “जल्द ही कुछ रोमांचक होने वाला है।” वहीं, मल्लिका शेरावत की तरफ से फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यूजर्स पूछ रहे तरह-तरह के सवाल
तेज प्रताप और मल्लिका का यह वीडियो सामने आते ही जनशक्ति जनता दल के समर्थकों और आम यूजर्स के बीच तेजी से वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोग इस पर मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं। यूजर ने एक्स पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या ‘मर्डर’ फिल्म का अगला सीक्वल आने वाला है?” वहीं एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा है कि क्या तेज प्रताप अब बॉलीवुड में इमरान हाशमी को रिप्लेस करने वाले हैं?

भोजपुरी बवाल में भी जलवा बिखेर रहे हैं तेज प्रताप
राजनीति के साथ-साथ तेज प्रताप यादव इन दिनों मनोरंजन की दुनिया में भी काफी सक्रिय हैं। वह जियो हॉटस्टार पर प्रसारित हो रहे शो भोजपुरी बवाल में नजर आ रहे हैं। इस शो में वह भोजपुरी इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों—पवन सिंह, दिनेश लाल यादव निरहुआ और आम्रपाली दुबे के साथ स्क्रीन साझा कर रहे हैं। शो में तेज प्रताप कभी बांसुरी बजाते, तो कभी योग करते दिखते हैं। वह कलाकारों के साथ मस्ती करने के अलावा अपने पारिवारिक घटनाक्रमों पर अपना दर्द बयां करते भी नजर आ रहे हैं।
पारिवारिक बेदखली के बाद बनाई थी नई पार्टी
गौरतलब है कि बीते वर्ष एक युवती के साथ तस्वीरें वायरल होने और रिश्तों की चर्चा के बाद लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को राजद और परिवार दोनों जगहों से बाहर कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल नाम से अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन किया और बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा। हालांकि उनकी पार्टी एक भी सीट जीतने में नाकाम रही। बाद में तेज प्रताप ने उक्त लड़की के साथ किसी भी तरह का संबंध होने से साफ इनकार कर दिया था।


Leave feedback about this