कोसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे कोसी नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस महकमे में एक बड़ी कार्रवाई हुई है। बैजनाथपुर थाने में पदस्थापित अपर थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी को एक स्मैक तस्कर से सांठगांठ के गंभीर आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह सख्त आदेश कोसी क्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने जांच रिपोर्ट के आधार पर जारी किया है।
तकनीकी जांच में खुली सांठगांठ की पोल
इस कार्रवाई के संबंध में पुलिस का कहना है कि अपर पुलिस अधीक्षक की देखरेख में चल रही तकनीकी जांच के दौरान महिला उपनिरीक्षक खुशबू कुमारी और कुख्यात स्मैक तस्कर मिट्ठू कुमार के बीच लगातार बातचीत व संपर्क के पुख्ता साक्ष्य मिले थे। तस्कर के साथ मिलीभगत की पुष्टि होने के बाद डीआईजी ने महिला अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा था।
स्पष्टीकरण में स्वीकार किया तस्कर से था संपर्क
डीआईजी को दिए गए जवाब में एसआई खुशबू कुमारी ने तस्कर मिट्ठू कुमार के संपर्क में रहने की बात स्वीकार कर ली। स्पष्टीकरण में आरोप सही पाए जाने पर डीआईजी ने घोर विभागीय अनुशासनहीनता पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और सुपौल पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया।
विभागीय जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला अधिकारी के खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच शुरू की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उनके विरुद्ध और अधिक कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
गलत आचरण करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि नशा तस्करी या किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे सभी लापरवाह और गलत आचरण वाले पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के उपरांत उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Leave feedback about this