तेज प्रताप यादव आजकल राजनीति से हटकर एंटरटेनमेंट की दुनिया में दिख रहे हैं, चाहे भोजपुरी बवाल हो या फिर फिल्म अभिनेत्री मल्लिका सहरावत के साथ वायरल विडियो। इनसब के बीच तेज प्रताप यादव ने पिछले महीने की घटना का अपडेट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी किया है, जिसमें उन्होंने जनशक्ति जनता दल के पूर्व महासचिव और पार्टी अध्यक्ष के निजी सहायक रहे मोतीलाल राय का जिक्र किया है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और आमलोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, निष्कासित नेता मोतीलाल राय पर लगभग 20 लाख रुपये नकद, पार्टी के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन लेकर फरार होने का आरोप है। पार्टी का दावा है कि इस राशि का इस्तेमाल उनके और उनके परिवार के खर्चों के लिए किया जा रहा है।
सचिवालय थाने में किया था मामला दर्ज
इसको लेकर तेज प्रताप यादव ने पटना के सचिवालय थाने में मोतीलाल राय के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बावजूद मोतीलाल राय लगातार अलग-अलग नए मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर पार्टी के पदाधिकारियों और सहयोगियों से संपर्क साध रहे हैं। हाल में उन्होंने मोबाइल नंबर 9682359815 से लोगों से पैसों और सामान की मांग की है।
पार्टी सदस्य से स्कूटी मांगने का आरोप
सोशल मीडिया पर किये गए पोस्ट के अनुसार, एक अन्य घटनाक्रम में मोतीलाल राय ने जनशक्ति जनता दल के सदस्य और एक स्कूटी कंपनी के मालिक फराज अहमद से भी स्कूटी की मांग की है। इसकी जानकारी खुद फराज अहमद ने पार्टी नेतृत्व को दी है।
पार्टी ने जारी की एडवाइजरी
जनशक्ति जनता दल के केंद्रीय कार्यालय ने अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है कि किसी भी व्यक्ति के फोन या मांग पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का आर्थिक या सामग्री का लेन-देन न करें। यदि किसी भी कार्यकर्ता या आम नागरिक को इस प्रकार का संदिग्ध कॉल प्राप्त होता है, तो उसकी जानकारी तुरंत पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दें। फिलहाल पुलिस दर्ज मामले के आधार पर जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave feedback about this