August 28, 2026
Patna , Bihar
Bihar Politics

Bihar News : सीएम का ऐलान, बेटियाँ सिर्फ़ रोज़गार पाने वाली ही नहीं, बल्कि रोज़गार देने वाली भी बनें

CM samrat choudhary announcement for girls Bihar News state hunt news state hunt digital
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएँ ही समृद्ध बिहार की वास्तविक और मजबूत नींव हैं। उक्त बातें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मगध महिला कॉलेज, पटना में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में G+6 साइंस ब्लॉक और नए ऑडिटोरियम के निर्माण का औपचारिक शुभारंभ किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को अत्याधुनिक शैक्षणिक और वैज्ञानिक अनुसंधान की सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।

छात्राओं से सीधा संवाद और सुरक्षा पर ज़ोर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज की छात्राओं और शोधार्थियों से सीधा संवाद किया तथा उनसे अपनी आकांक्षाएँ, सुझाव और समस्याएँ निर्भीक होकर साझा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की उन्नति और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उच्च शिक्षा और सुरक्षा के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने निम्नलिखित योजनाओं का उल्लेख किया:

मुख्यमंत्री बालिका Ph.D. फेलोशिप: उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए यह योजना शुरू की गई है।

पुलिस दीदी की तैनाती: शैक्षणिक संस्थानों की कार्य-अवधि के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए पुलिस दीदी की तैनाती की गई है।

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना: वित्तीय बाधाओं को दूर कर राज्य के युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।

शैक्षणिक विस्तार: एक ही दिन में 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं तथा राज्यभर में 700 ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ मॉडल स्कूलों की शुरुआत की गई है।

जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनें बेटियाँ

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बिहार की बेटियाँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सरकार का लक्ष्य उन्हें कुशल और आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे उनमें ऐसा आत्मविश्वास पैदा हो कि वे सिर्फ़ रोज़गार माँगने वाली न रहें, बल्कि उद्योग और उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोज़गार देने वाली  भी बनें।

छात्रावास का निरीक्षण एवं स्वर पत्रिका का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज की प्रसिद्ध ‘स्वर’ पत्रिका का विमोचन किया। इससे पूर्व, एनसीसी  छात्राओं द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री ने महिला छात्रावास  का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहाँ रहने वाली छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस दौरान शोधार्थी छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन-पत्र भेंट किया और कॉलेज की छात्राओं ने उन्हें रक्षा-सूत्र भी बाँधा।

कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाईगर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० अजय कुमार सिंह, मगध महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो० (डॉ०) एन०पी० वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्राएँ उपस्थित थीं।

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field