बिहार सरकार ने राज्य में सुशासन और कानून का राज और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा नीतिगत निर्णय लिया है। सूबे में गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार 100 नए फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों का गठन करने जा रही है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासनिक स्तर पर एक विशेष ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है, जिसके तहत कानूनी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
लंबित मुकदमों से मिलेगी मुक्ति, कानूनी प्रक्रिया में आएगी तेजी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन 100 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जा रही है। इन विशेष न्यायालयों के अस्तित्व में आने से अदालतों में वर्षों से लंबित गंभीर आपराधिक मुकदमों की सुनवाई में तेजी आएगी। सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का भय भी पैदा होगा।
प्रतिदिन सुनवाई पर रहेगा विशेष फोकस
बिहार में अक्सर मुकदमों के लंबा खिंचने के कारण पीड़ितों को न्याय के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। इसी चुनौती से निपटने के लिए इन अदालतों की रूपरेखा तैयार की गई है। यहाँ विशेष रूप से चिन्हित किए गए आपराधिक मामलों की प्रतिदिन सुनवाई की जाएगी, ताकि गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों को समय रहते और बिना किसी देरी के सजा दिलाई जा सके।
सुशासन और समयबद्ध न्याय का संकल्प
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि धरातल पर सुशासन की नीति को बनाए रखने के लिए समयबद्ध न्याय व्यवस्था का होना अत्यंत आवश्यक है। 100 नए विशेष न्यायालयों के सक्रिय होने से पीड़ित परिवारों को बिना किसी अनावश्यक विलंभ के पारदर्शी तरीके से न्याय मिल सकेगा। मुख्यमंत्री की इस बड़ी घोषणा के बाद राज्य के गृह विभाग और विधि विभाग ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन को लेकर बुनियादी ढांचे (Infrastructure), आवश्यक पदों के सृजन और अन्य विधिक प्रक्रियाओं को पूरा करने की तैयारी तेज कर दी है।

Leave feedback about this