बिहार में एक बार फिर बिहार पुलिस पर तेज हमला हुआ है। इस हमले में महिला सिपाहियों के साथ मारपीट की गई है। पुलिस का आरोप है कि उनसे राइफल छीनने की भी कोशिश की गयी थी। मामला मसौढ़ी थाना क्षेत्र के श्यामनगर की है। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से दो शराबियों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि शुक्रवार की रात मसौढ़ी थाने की एक टीम नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि श्यामनगर इलाके में दो युवक अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर राहगीरों के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा खड़ा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर ब्रेथ एनालाइजर से उनकी जांच की, तो शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद जब पुलिसकर्मी दोनों को थाने ले जाने लगे, तभी विवाद शुरू हो गया।
वीडियो बनाने से रोकने पर भड़का विवाद
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि जब पुलिस आरोपियों को ले जा रही थी, तभी उनके परिजन और कुछ स्थानीय परिचित वहां जुट गए। उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई में बाधा डालते हुए अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद महिला सिपाहियों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें वीडियो बनाने से मना किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और परिजनों ने पुलिस टीम पर धावा बोल दिया।
महिला सिपाहियों से बदसलूकी और हथियार छीनने की कोशिश
पुलिस का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने ऑन-ड्यूटी महिला पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया। उनके साथ धक्का-मुक्की और बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे कुछ महिला सिपाहियों को चोटें भी महिला सिपाहियों का आरोप है कि उपद्रवियों ने महिला सिपाहियों के हाथों से उनकी सरकारी राइफल छीनने का प्रयास किया।हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य पुलिस जवानों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। अतिरिक्त बल के पहुंचते ही स्थिति पर काबू पाया गया और हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़कर दबोच लिया गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद हरकत में आई मसौढ़ी थाना पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें दो युवक हैं, जिन्हें शुरुआत में शराब पीने का आरोप था। चार वह आरोपी हैं, जिन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डाली थी।
सरकारी काम में बाधा और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में मसौढ़ी थाने के सहायक अवर निरीक्षक ललन कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज मुकदमे में आरोपियों के खिलाफ ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने, महिला पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने और राइफल छीनने के गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
घटना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह सीधे तौर पर कानून को चुनौती देने जैसा है। घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है, ताकि यदि इस घटना में कुछ और लोग भी शामिल थे, तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके।

Leave feedback about this