एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़कर खूब हंगामा किया। टावर के शीर्ष पर बैठी लड़की बार-बार यही मांग करती रही कि उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और दोनों की शादी कराई जाए। लेकिन इसके साथ ही वह यह भी चेतावनी दे रही थी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से छलांग लगाकर अपनी जान दे देगी। प्रेमिका दुल्हन बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि उसका प्रेमी नौबतपुर के वरुण गांव का है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन परिजनों ने इस रिश्ते का विरोध किया। लिहाजा इससे नाराज होकर लड़की घर से निकल गई और सीधे नौबतपुर पहुंचकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
घंटों हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
मोबाइल टावर पर लड़की के चढ़ने की खबर फैलते ही इलाके में चर्चा का विषय बन गया। कौतुहलवश उस प्रेमिका को देखने वालों की भीड़ जुट गई। लोग नीचे से लगातार उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जिसके सिर पर कच्ची उम्र के प्यार की सनक चढ़ी हो, उस प्यार का बुखार इतनी जल्दी कहाँ उतरने वाला था। इसलिए घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा। प्यार की मदिरा में मदमस्त प्रेमिका अपने प्रेमी को बुलाने की मांग पर अड़ी रही। इस दौरान वह मोबाइल पर भी लगातार बातचीत करती रही और प्रेमी को मौके पर बुलाने की बात लगातार दुहराती रही।
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
प्रेमिका के सनक की जानकारी मिलते ही नौबतपुर थाना की पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक समझाने-बुझाने और धैर्यपूर्वक बातचीत करने के बाद अधिकारियों ने लड़की का भरोसा जीता। लंबे प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया
पुलिस ने थाने पर दोनों पक्षों को बुलाया और समझाया गया। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि नाबालिग लड़की और उसके परिवार की काउंसिलिंग कराई गईं है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और मामले का समाधान कानून के दायरे में किया जा सके।

Leave feedback about this