July 22, 2026
Patna , Bihar
Bihar Business Jharkhand Politics

Bihar News : रोहिणी आचार्य ने दी खुली चुनौती, कहा- हिम्मत है तो करो मुझ पर कार्रवाई; तेजस्वी के करीबियों को भी घेरा


राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को जीवनदान देने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य एक बार फिर बेहद मुखर अंदाज में नजर आई हैं। इस बार उन्होंने किसी राजनीतिक विरोधी पर नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेताओं और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के करीबियों पर जमकर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर रोहिणी द्वारा संजय यादव, रमीज और सुनील सिंह को लेकर की गई टिप्पणियां सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई हैं, जिससे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

हरेलाल यादव के निष्कासन पर भड़कीं रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने सारण राजद के प्रवक्ता हरेलाल यादव को अनुशासनहीनता के आरोप में 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किए जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। इअको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्या पार्टी की भलाई के लिए सच बोलने, मजबूती एवं ईमानदारी से काम करने वालों के लिए अब राष्ट्रीय जनता दल में कोई जगह नहीं बची है? अनुशासनहीनता के झूठे आरोप गढ़कर हरेलाल यादव का निष्कासन उन लोगों द्वारा की गई एक दुर्भाग्यपूर्ण कार्रवाई है, जो पार्टी को लगातार कमजोर कर रहे हैं और संगठन के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।

सारण संगठन और पार्टी विधायकों पर उठाए सवाल
सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुकीं रोहिणी ने स्थानीय संगठन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरा जिला संगठन उन लोगों के चंगुल में है जो कहने को तो राजद में हैं, लेकिन वास्तव में विरोधियों के इशारे पर काम करते हैं। उन्होंने आगे लिखा है कि सारण का हर एक विधायक और पार्टी पदाधिकारी पूरी तरह से निष्क्रिय है। उन्होंने कहा कि जो लोग जनता के बीच जाकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सुख-दुख में शामिल होते हैं, ये निष्क्रिय और साजिशी लोग उन्हीं को निशाना बना रहे हैं।

रोहिणी ने दी खुली चुनौती, कहा- है हिम्मत तो…
तेजस्वी यादव के सबसे करीबी माने जाने वाले राज्यसभा सांसद संजय यादव, रमीज और सुनील सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए रोहिणी ने खुली चुनौती दे डाली है। उन्होंने कहा कि संजय यादव या उनके जैसे लोगों पर सवाल उठाने वालों पर ही अगर कार्रवाई करनी है, तो सबसे पहले मुझ पर कार्रवाई करने की हिम्मत जुटाएं। मैं आज भी पार्टी में हूं और पार्टी को संजय यादव, रमीज और सुनील सिंह जैसे लोगों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए लगातार आवाज उठा रही हूं और आगे भी उठाती रहूंगी। मैं लालू जी की बेटी हूं, कभी गलत के सामने घुटने नहीं टेकूंगी। रोहिणी ने साफ किया कि उनके साथ खड़े लोग किसी निष्कासन की परवाह किए बिना मजबूती से डटे रहेंगे। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि किसी निर्दोष, ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ता या जिला स्तर के पदाधिकारी को निशाना बनाना सरासर गलत है और यह पार्टी के हित में बिल्कुल नहीं है।

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video