वैशाली जिले में आर्मी जवान और उसके पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जगदीश राय को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के बिदुपुर थाना क्षेत्र में हुई।
दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि आरोपी जगदीश राय को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने घेराबंदी की थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम गई थी। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है।
भारतीय जवान और पिता का किया था मर्डर
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि गुरुवार सुबह रास्ते के विवाद में जगदीश राय ने अपने पड़ोसी जितेंद्र कुमार और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक जितेंद्र कुमार भारतीय सेना के जवान थे और राजस्थान के जोधपुर में तैनात थे। वह दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे थे। बाद में सेना के जवान जितेंद्र कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
एसपी ने जल्द कार्रवाई करने का दिया था आश्वासन
घटना के बाद वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था। पुलिस ने लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 24 घंटे के भीतर आरोपी का पता लगा लिया। हालांकि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस वाहन पर लगी गोलियों के निशान इस बात की पुष्टि करते हैं कि दोनों ओर से कुछ समय तक गोलीबारी हुई।

