July 22, 2026
Patna , Bihar
Bihar Country Politics

Bankipur By-election : प्रशांत किशोर पर भड़की भाजपा,  चुनाव आयोग का खटखटाया दरवाजा; लगाए गंभीर आरोप

प्रशांत किशोर पर भड़की भाजपा, चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया; लगाए गंभीर आरोप
प्रेसवार्ता करते भाजपा नेता

बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले सियासी पारा चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी  ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के खिलाफ निर्वाचन आयोग  में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा का गंभीर आरोप है कि प्रशांत किशोर ने चुनावी नियमों को ताक पर रखकर तय सीमा से कई गुना अधिक धनराशि खर्च की है।

करोड़ों के खर्च और डमी कंपनी का खेल

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और विधायक जीवेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोला। भाजपा नेताओं ने कहा कि आयोग ने प्रत्याशी के लिए चुनावी खर्च की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपए तय की है, जबकि प्रशांत किशोर अब तक करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा चुके हैं। भाजपा ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी खर्च को सीधे प्रत्याशी के खाते से न दिखाकर एक कथित डमी कंपनी के माध्यम से थर्ड पार्टी एक्सपेंस के रूप में दिखाया जा रहा है। इस संबंध में शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि संबंधित कंसल्टेंसी कंपनी अक्टूबर 2023 में बनी थी और उसकी प्रदत्त पूंजी महज 5 लाख रुपयए है। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव से ठीक पहले इस कंपनी के पास 4.5 करोड़ रुपये कहां से आए? भाजपा का सीधा आरोप है कि यह मामला सीधे तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। जन सुराज पार्टी और उससे जुड़ी कंसल्टेंसी कंपनी के बैंक खातों व वित्तीय लेनदेन की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विदेशी अकाउंट्स और फर्जी सोशल मीडिया का सहारा?

भाजपा ने चुनाव आयोग को सौंपे गए साक्ष्यों के साथ आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए सोशल मीडिया पर हजारों फर्जी अकाउंट्स का सहारा लिया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि इनमें से कई अकाउंट्स विदेशों से संचालित हो रहे हैं, जिनके जरिए भ्रामक जानकारियां फैलाने और भाजपा नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का काम किया जा रहा है। भाजपा का कहना है कि प्रशांत किशोर धरातल पर जनसमर्थन हासिल करने के बजाय धनबल और कृत्रिम साधनों के जरिए माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हैं।

जन सुराज की प्रतिक्रिया का इंतजार

चुनाव आयोग में लिखित शिकायत दर्ज होने और इन संगीन आरोपों के बाद भी प्रशांत किशोर या जन सुराज पार्टी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बता दें कि पटना के बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान की तिथि 30 जुलाई को है, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होनी है।

बांकीपुर में त्रिकोणीय मुकाबला

पटना की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव का मुकाबला बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गया है। भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा हैं, रेखा गुप्ता राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार हैं, जबकि जन सुराज पार्टी के लिए प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में हैं।

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video