अगर आपके अकाउंट में अचानक करोड़ रुपए आ जाएँ तो इसे आप क्या कहेंगे? जी हां, यह मामला बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड का है जहां एक आंगनबाड़ी सहायिका के बैंक खाते में अचानक 740.68 करोड़ रुपए आ गए। हालांकि कुछ ही देर बाद संबंधित बैंक खाता फ्रीज हो गया और लेन-देन बंद हो गया।
इस संबंध में बताया जाता है कि हरिहरपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी तथा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-339 की सहायिका गीता देवी 10 जुलाई को अपने बैंक खाते से राशि निकालने के लिए गांव के एक कॉमन सर्विस सेंटर पहुंचीं। उन्होंने पहले 2,100 रुपये की निकासी की। इसके बाद जब सीएससी संचालक बलराम कुमार ने खाते का शेष बैलेंस जांचा, तो स्क्रीन पर 7,40,68,72,895.78 रुपये की राशि दिखाई दी। इतनी बड़ी रकम देखकर गीता देवी और सीएससी संचालक दोनों दंग रह गए।
इस संबंध में गीता देवी ने बताया कि उन्हें पहले लगा कि पंजाब में मजदूरी कर रहे उनके पति प्रदीप कुमार ने शायद कोई बड़ी रकम भेजी होगी। लेकिन फोन पर बात करने पर उनके पति ने ऐसी किसी भी राशि भेजने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
वहीं सीएससी संचालक बलराम कुमार ने बताया कि वह पिछले 8 से 10 वर्षों से केंद्र का संचालन कर रहे हैं, लेकिन अपने कार्यकाल में पहली बार ऐसा मामला देखा है। उन्होंने गीता देवी को सलाह दी कि यदि यह राशि उनकी नहीं है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित बैंक को दें। इसी बीच जब कुछ देर बाद दोबारा खाते का बैलेंस जांचा गया, तो खाता फ्रीज दिखने लगा। इसके बाद 10 हजार रुपये निकालने का प्रयास भी असफल रहा।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाते में इतनी बड़ी राशि कैसे दिखाई दी। शुरुआती तौर पर इसे बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी, साइबर संबंधी त्रुटि या किसी अन्य तकनीकी कारण से जोड़कर देखा जा रहा है। संबंधित बैंक और विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Leave feedback about this