बिहार के नालंदा में केंद्रीय जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई की है। लहेरी थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित पीके गन हाउस में सुबह से ही एनआईए और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम छापेमारी की है।
आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश
बताया जाता है कि एनआईए की टीम नालंदा में कुल आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, तस्करी और संदिग्ध सिंडिकेट को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की जा रही है।
100 पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम
इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए जिला स्तर पर लगभग100 पुलिस पदाधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सुबह-सुबह ही चिन्हित ठिकानों की घेराबंदी कर ली, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच किसी भी बाहरी व्यक्ति को छापेमारी स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
स्थानीय पुलिस को नहीं थी विस्तृत जानकारी
छापेमारी की गोपनीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय थाने को भी इस मिशन के मुख्य उद्देश्य की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि वरीय अधिकारियों के माध्यम से एक पत्र प्राप्त हुआ था, जिसके आलोक में थाने से दो पुलिस अधिकारियों को छापेमारी में सहयोग के लिए भेजा गया है। हालांकि, यह छापेमारी किसके नेतृत्व में और किस सटीक इनपुट पर की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। फिलहाल पीके गन हाउस के भीतर दस्तावेजों और स्टॉक की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच टीम का कोई भी सदस्य अभी मीडिया से कुछ भी साझा करने से बच रहा है। बताया जा रहा है कि इस छापेमारी के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह से जुड़े हैं।

