Statehunt Blog Bihar Bihar News : पटना में हत्या पर बवाल, युवक की मौत के बाद एसिड डालने का आरोप; सड़क जाम कर प्रदर्शन
Bihar Crime

Bihar News : पटना में हत्या पर बवाल, युवक की मौत के बाद एसिड डालने का आरोप; सड़क जाम कर प्रदर्शन

पटना में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, हत्या के बाद एसिड डालने का आरोप; सड़क जाम कर प्रदर्शन

रोते-बिलखते परिजन

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। महिनावा गांव के बांध के समीप खेत से युवक का शव बरामद होने के बाद परिजनों ने हत्या कर शव पर एसिड डालने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मृतक की पहचान महिनावा बाजार निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शव के पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई।

एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि विकास की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से उसके शव पर एसिड डाला गया। शव पर जलने जैसे निशान मिलने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सड़क जाम कर जताया विरोध प्रदर्शन
इधर, न्याय की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version